एसएसपी डॉ. कौस्तुभ का बड़ा एक्शन, 42 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए की गई कार्रवाई, लापरवाही पर सख्त संदेश

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ का बड़ा एक्शन, 42 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए की गई कार्रवाई, लापरवाही पर सख्त संदेश

गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 42 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन संबद्ध (लाइन हाजिर) कर दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षियों को उनके वर्तमान तैनाती स्थलों से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है।

जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह (टीपी नगर चौकी), गिरीश मिश्र (विश्वविद्यालय चौकी), शक्ति रंजन (थाना कैंट), अभिषेक कुशवाहा (गुलरिहा), ओम प्रकाश (हरपुर बुदहट), अमित सिंह (कैंपियरगंज) तथा उपेन्द्र कुमार (रामगढ़ताल) को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा मुख्य आरक्षी राजेश सिंह (थाना गोरखनाथ) को भी लाइन हाजिर किया गया है।

इसी क्रम में विभिन्न थानों पर तैनात 34 आरक्षियों को भी पुलिस लाइन संबद्ध किया गया है। इनमें कोतवाली, तिवारीपुर, गगहा, शाहपुर, हरपुर बुदहट, कैंपियरगंज, पीपीगंज, झंगहा, गीडा, सहजनवा, बेलघाट, खोराबार, चिलुआताल, रामगढ़ताल, बड़हलगंज, पिपराइच, उरुवा, गोरखनाथ, राजघाट, कैंट, गुलरिहा, गोला तथा चौरीचौरा थानों के पुलिसकर्मी शामिल हैं।

पुलिस विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, अनुशासित और जवाबदेह बनाने की दिशा में की गई है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा कार्य में शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं तत्परता से निर्वहन करने वाले कर्मियों को ही फील्ड में प्राथमिकता दी जाएगी।

पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को अनुशासनात्मक व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि इससे पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार आएगा तथा जनता को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Previous articleरानी लक्ष्मीबाई महिला एवं सम्मान कोष योजना के 6 प्रकरण स्वीकृत, 4 निरस्त जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला संचालन समिति की बैठक, पात्र महिलाओं को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here