महुली पुलिस ने अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार  पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद; देवरिया, लखनऊ और बाराबंकी समेत कई जिलों से वाहन चोरी करने की कबूली वारदात

महुली पुलिस ने अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार 

पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद; देवरिया, लखनऊ और बाराबंकी समेत कई जिलों से वाहन चोरी करने की कबूली वारदात

संतकबीरनगर। महुली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर मैनसिर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामचन्द्र गुप्ता निवासी रामपुर थाना खलीलाबाद, प्रियांशु सिंह उर्फ सिंटू निवासी खरवनिया कला थाना महुली तथा कुनाल निवासी इमिलडिहा थाना सहजनवा (गोरखपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच मोटरसाइकिलें और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए। इस संबंध में थाना महुली पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को कम कीमत पर बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने देवरिया, लखनऊ (इटौंजा-बीकेटी क्षेत्र) और बाराबंकी से बाइक चोरी करने की वारदात कबूल की है। उनकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी मैनसिर स्थित आरओ प्लांट के पास से बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और उनसे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में महुली थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट सेल और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Previous articleडीएम आनंद वर्द्धन की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here