कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटी नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा शिव मंदिरों पर सफाई, सड़क और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटी नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा

शिव मंदिरों पर सफाई, सड़क और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

संतकबीरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी सीमा राय ने की, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद आमिर अंसारी, सभासदों एवं सफाई नायकों सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिशासी अधिकारी ने सभी सफाई नायकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में स्थित भगवान शिव के मंदिरों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभासदों से कहा कि अपने-अपने वार्डों में भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि मंदिरों तक जाने वाले मार्ग पूरी तरह साफ-सुथरे हों तथा कहीं भी गड्ढे, कंकड़-पत्थर, झाड़-झंखाड़ या अन्य बाधाएं न हों।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन स्थानों से कांवड़ यात्री गुजरते हैं, वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। मार्गों के साथ-साथ नदी एवं जल स्रोतों के आसपास भी स्वच्छता बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद आमिर अंसारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत पूरी तरह सजग है। सभी संबंधित कर्मचारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराएं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Previous articleडीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने तटबंधों का किया निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा तैयारियों को परखा
Next articleडीएम आनंद वर्द्धन की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here