बस्ती में यातायात पुलिस का सघन अभियान, 150 वाहनों का चालान
1.40 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला, मॉडिफाइड साइलेंसर और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई
बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 वाहनों का चालान किया गया तथा 1.40 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, काली फिल्म, हूटर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान में बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा गलत पार्किंग करने वालों के विरुद्ध चालान किए गए। पुलिस ने छह वाहनों से काली फिल्म हटवाई, जबकि ड्रिंक एंड ड्राइव के पांच मामलों में भी कार्रवाई की गई।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दक्षिण दरवाजा से अस्पताल चौराहे तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ। अभियान के दौरान दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।
स्थानीय नागरिकों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर, काली फिल्म और यातायात नियमों के उल्लंघन पर हो रही सख्त कार्रवाई से शहर में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी।















