पुलिस ने सरिया चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश
चार आरोपी गिरफ्तार, 19.13 टन सरिया बरामद; ट्रकों से माल चोरी कर बेचता था गिरोह
गोरखपुर। सहजनवा पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में सरिया चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 19,130 किलोग्राम (19.13 टन) सरिया बरामद की है। बरामद सरिया की पहचान गैलेन्ट एवं अंकुर कंपनी की खेप के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सहजनवा के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना सहजनवा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 360/2026 एवं 361/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए गुरजीत सिंह, जितेन्द्र कुमार, अमित कन्नौजिया और अजय चौहान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ट्रकों और ट्रेलरों में लदी सरिया को रास्ते में चोरी कर सुनसान स्थानों पर डंप कर देता था। बाद में मौका देखकर चोरी की सरिया को बाजार में कम या अधिक कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाता था।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से गैलेन्ट कंपनी की 2,650 किलोग्राम तथा अंकुर कंपनी की 16,480 किलोग्राम सरिया बरामद हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में माल चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस प्रकार के संगठित अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।















