देर रात पुलिस लाइन में SSP डॉ. कोस्तुभ की क्राइम मीटिंग, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारियों को वारंटियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ाने के आदेश

देर रात पुलिस लाइन में SSP डॉ. कोस्तुभ की क्राइम मीटिंग, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

थाना प्रभारियों को वारंटियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ाने के आदेश

गोरखपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने देर रात पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की सक्रियता से ही आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

बैठक में महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए तथा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएं।

एसएसपी ने थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को जनता के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पुरी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के अंत में एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।

Previous articleराजस्व कर्मचारियों की समस्याओं पर डीएम दीपक मीणा गंभीर, बोले— हर जायज मांग का होगा समाधान कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्ट्रेट, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक व अमीन संघ के साथ बैठक, शासन स्तर के मामलों पर पत्र भेजने का भरोसा
Next articleपुलिस ने सरिया चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश चार आरोपी गिरफ्तार, 19.13 टन सरिया बरामद; ट्रकों से माल चोरी कर बेचता था गिरोह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here