15 टन सरिया चोरी का खुलासा, ढाबे से बरामद; चार संदिग्ध हिरासत में
गीडा की दो फैक्ट्रियों से भेजी गई सरिया रास्ते में होती थी गायब, व्यापारियों की शिकायत पर खुला राज
गोरखपुर। गीडा औद्योगिक क्षेत्र में संचालित दो प्रमुख औद्योगिक इकाइयों से भेजी जा रही सरिया की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। सहजनवा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाईवे किनारे एक ढाबे से करीब 150 क्विंटल (15 टन) सरिया बरामद की है। मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गीडा सेक्टर-23 स्थित अंकुर उद्योग के प्रतिनिधि प्रेमनारायण शुक्ल और गैलेंट फैक्ट्री के सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से सहजनवा थाने में तहरीर देकर बताया कि फैक्ट्रियों से ट्रकों में लोड कर विभिन्न जिलों के व्यापारियों के लिए भेजी जाने वाली सरिया रास्ते में चोरी हो रही थी। लगातार व्यापारियों द्वारा कम वजन का माल मिलने की शिकायत के बाद आंतरिक जांच कराई गई, जिसमें चोरी की आशंका की पुष्टि हुई।
तहरीर मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर हाईवे स्थित भीटीरावत चकिया गांव के पास एक ढाबे पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की गई 150 क्विंटल सरिया बरामद कर ली। मौके से संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है।
क्षेत्राधिकारी गीडा के.एन. आनंद ने बताया कि फैक्ट्री अधिकारियों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद सरिया को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे चोरी गिरोह का खुलासा किए जाने की संभावना है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी में ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं तथा इस गिरोह ने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी के खुलासे के बाद अन्य फैक्ट्री संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है।















