कालेसर से नौसढ़ तक मुख्य मार्ग का होगा सौंदर्यीकरण, मण्डलायुक्त ने की समीक्षा
गोल चक्कर, बंधा, टोल प्लाजा और सड़कों के विकास को लेकर विभागों को दिए निर्देश
गोरखपुर।पिपरौली। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने गुरुवार को लखनऊ-अयोध्या मार्ग से गोरखपुर महानगर में प्रवेश करने वाले कालेसर से जीरो प्वाइंट होते हुए नौसढ़ चौराहे तक प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में गीडा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान कालेसर जीरो प्वाइंट स्थित गोल चक्कर के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही नौसढ़ से कालेसर तक सिंचाई विभाग के बंधे के सौंदर्यीकरण का कार्य आगे गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) द्वारा कराए जाने का निर्णय लिया गया। इस पर सिंचाई विभाग ने अपनी सहमति भी प्रदान की।
बैठक में यह भी तय किया गया कि तेनुआ टोल प्लाजा के आसपास फैली झाड़ियों और गंदगी की सफाई भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराई जाएगी, ताकि मार्ग की स्वच्छता और सुंदरता में सुधार हो सके।
मण्डलायुक्त ने गोरखपुर से खजनी और पिपरौली जाने वाले मार्ग के गीडा क्षेत्र में पड़ने वाले हिस्से के सुदृढ़ीकरण, मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य भी गीडा से कराने का निर्णय लिया। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को संबंधित सड़क शीघ्र गीडा को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गीडा क्षेत्र के उद्यमियों ने भी अपने सुझाव रखे। मण्डलायुक्त ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए कहा कि मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं गोरखपुर की पहचान को और मजबूत करेंगी। संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।















