एटीएम से पैसा निकालने निकला किशोर सकुशल बरामद, पिपरौली चौकी पुलिस की तत्परता से परिजनों ने ली राहत की सांस
पिपरौली (गीडा), गोरखपुर। एटीएम से पैसा निकालने के लिए घर से निकला 15 वर्षीय किशोर देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पिपरौली चौकी पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की और कुछ ही घंटों में किशोर को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार अंश साहनी (15 वर्ष) पुत्र प्रवीण साहनी, निवासी गाहासाड़, थाना गीडा, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एटीएम से रुपये निकालने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिपरौली चौकी प्रभारी अमरेश कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा तकनीक साक्ष्य की मदद से किशोर की तलाश शुरू की। लगातार अभियान चलाकर देर रात किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इस अभियान में हेड कांस्टेबल रमाकांत, कांस्टेबल राज नारायण धुरवंशी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
किशोर के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और गीडा पुलिस, विशेष रूप से पिपरौली चौकी प्रभारी एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।















