‘न्याय आपके द्वार’ अभियान: डीएम ने विवादित भूमि का किया स्थलीय निरीक्षण
भदोही। जनपद में भूमि एवं राजस्व विवादों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से संचालित ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने शनिवार को तहसील औराई के ग्राम पंचायत उचेठा पहुंचकर धारा 67(5) से संबंधित न्यायालय वाद संख्या डी202616670000049 भीमराज यादव बनाम हीरालाल यादव एवं अन्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विवादित भूमि का गहन निरीक्षण कर मौके की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित राजस्व अभिलेखों, नक्शों एवं प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों की समीक्षा की तथा दोनों पक्षों की बातों को गंभीरता और निष्पक्षता से सुना। अधिकारियों से मामले की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि न्यायालय में विचाराधीन राजस्व मामलों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों से जुड़े प्रत्येक प्रकरण में उपलब्ध अभिलेखों, साक्ष्यों तथा न्यायालय के आदेशों के आधार पर ही कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए मामले के प्रत्येक पहलू की तथ्यपरक जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि राजस्व विवादों का शीघ्र निस्तारण हो, जिससे आमजन का प्रशासन और न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















