पुलिस पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, तमंचे-बम बरामद

पुलिस पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, तमंचे-बम बरामद

बस्ती। कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक देशी सूतली बम, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 260 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

प्रभारी निरीक्षक मोती चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि टोल प्लाजा के पास 8-10 मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक लाठी-डंडा, हॉकी, तमंचा और बम के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश बड़ेवन की ओर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने सूझबूझ और रणनीति से जवाबी कार्रवाई करते हुए मुड़घाट पुल के पास एक बाइक पर सवार तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे और ट्रैफिक का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवांश सिंह उर्फ हर्ष, अली खान उर्फ गोलू और अहमद खान के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि अवैध तमंचे और बम उन्हें उनके साथियों अहमद मलिक, जैद और इलहान ने उपलब्ध कराए थे, जबकि बम बनाने और इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण गुफरान इदरीशी ने दिया था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जांच में सामने आया कि अली खान के खिलाफ मारपीट और धमकी के तीन मुकदमे तथा अहमद खान के खिलाफ चोरी, लूट, गिरोहबंदी सहित विभिन्न धाराओं में आठ आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। शिवांश सिंह पर यह पहला मुकदमा दर्ज हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Previous articleमानक पूरे न करने वाले आठ निजी अस्पताल आयुष्मान योजना से होंगे बाहर
Next articleदिल्ली से सकुशल मिलीं दो नाबालिग बहनें, पुलिस ने परिजनों से कराया मिलन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here