बस्ती को 504 करोड़ की विकास सौगात, सीएम योगी ने 77 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हर्रैया स्थित बीआरसी परिसर से जनपद बस्ती को 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 27.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास रहा। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर कहा कि यह विद्यालय प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बनेगा और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
मुख्यमंत्री ने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र को 361.30 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं तथा कप्तानगंज विधानसभा को 143.04 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, सिंचाई योजनाएं, विद्यालय भवन, छात्रावास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण स्टेडियम, गौशाला, पेयजल एवं सीवर लाइन, सामुदायिक भवन तथा पर्यटन विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बस्ती की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि मखौड़ा धाम, बाबा भदेश्वरनाथ, तपसी धाम और आचार्य रामचंद्र शुक्ल की जन्मस्थली बस्ती की पहचान हैं। उन्होंने मखौड़ा धाम, भदेश्वरनाथ और कर्ण मंदिर के विकास कार्यों को और गति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की तथा अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम में भी भाग लिया।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक अजय सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, डीआईजी संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।















