उद्योग बंधु बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर मंथन
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, निवेश परियोजनाओं की प्रगति तथा उद्यमियों की समस्याओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जिले में निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में सड़क, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग को “एक जिला, एक उत्पाद” (ODOP) योजना के अंतर्गत गोरखपुर की पहचान टेराकोटा को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क एवं नाली निर्माण, वार्षिक मेंटेनेंस टैक्स, गलत बिजली बिल तथा अन्य समस्याएं उठाईं। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण से संबंधित 16 प्रकरण लंबित हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने जीडीए को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं उद्यमी अंकित अग्रहरि की गलत बिजली बिल संबंधी शिकायत के समाधान की भी जानकारी दी गई।
चैंबर्स ऑफ इंडस्ट्रीज ने जैतपुर-बोक्टा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त, उपायुक्त उद्योग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ उद्यमी उपस्थित रहे।















