कोतवाली खलीलाबाद परिसर में श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, डीएम व एसपी ने किया पूजन-अर्चन
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद परिसर स्थित नवनिर्मित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं के विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा थाना परिसर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मुख्य यजमान के रूप में विधिवत पूजन-अर्चन एवं हवन में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ से जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, पुलिस बल के कल्याण तथा कानून-व्यवस्था की मजबूती की कामना की। वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि मंदिर की स्थापना पुलिसकर्मियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति का केंद्र बनेगी। कठिन एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने वाले जवानों को यहां से सकारात्मक प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने भी धार्मिक आयोजनों को सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करने वाला बताया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय, अजय सिंह, समीर सहित जनपद के कई थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। सभी ने भगवान भोलेनाथ का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ. सोनी सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। देर शाम तक मंदिर परिसर में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।















