गोपालपुर वार्ड में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश, बीटवार तैनाती और नालों की नियमित सफाई पर जोर

गोपालपुर वार्ड में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण

सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश, बीटवार तैनाती और नालों की नियमित सफाई पर जोर

गोरखपुर। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त अजय जैन ने मंगलवार को वार्ड संख्या-19 गोपालपुर में जीडीए द्वारा नगर निगम को हस्तांतरित कॉलोनियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नालों की सफाई, पार्कों की देखरेख तथा पेयजल पाइपलाइन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, मनोनीत पार्षद, अपर नगर आयुक्त, अधिशासी अभियंता, जोनल अधिकारी तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बीटवार सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित होनी चाहिए, ताकि नियमित सफाई व्यवस्था बनी रहे और किसी भी क्षेत्र में गंदगी की शिकायत न मिले।

उन्होंने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों तथा उद्यान विभाग की संयुक्त टीम बनाकर निर्धारित रोस्टर के अनुसार कॉलोनियों के पार्कों की नियमित सफाई एवं रखरखाव कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों की स्वच्छता और हरियाली नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

नगर आयुक्त ने नालों की सफाई पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। रोस्टर के अनुसार जेसीबी और पोकलेन मशीनों की सहायता से प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नालों की सफाई कराई जाए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और बरसात के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान काशीराम आवासीय कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन की जर्जर स्थिति का मामला भी सामने आया। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि लीकेज की समस्या का शीघ्र समाधान हो सके और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

नगर आयुक्त अजय जैन ने स्पष्ट कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें तथा नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।

Previous articleसाइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अलर्ट एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने थानों के साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों को दिया विशेष प्रशिक्षण, विभिन्न पोर्टलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
Next articleखिरीडाड में बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति (वि. पैक्स) का उद्घाटन विधायक प्रदीप शुक्ला बोले— सहकारी समितियां किसानों की आर्थिक मजबूती का मजबूत आधार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here