पुलिस लाइन में अत्याधुनिक जिम का शुभारंभ डीआईजी बोले— फिट पुलिस बल ही मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की पहचान
निर्माणाधीन गेस्ट हाउस और कमांड सेंटर का भी किया निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और तनावमुक्त रखने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रिजर्व पुलिस लाइन्स संतकबीरनगर में नवनिर्मित अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की मौजूदगी में फीता काटकर किया।
उद्घाटन के उपरांत डीआईजी ने जिम में स्थापित आधुनिक व्यायाम उपकरणों और फिटनेस मशीनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण दायित्वों से जुड़ी होती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और बेहतर स्वास्थ्य पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह अत्याधुनिक जिम पुलिसकर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा और उनके स्वास्थ्य तथा मनोबल को मजबूत बनाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर निर्माणाधीन आधुनिक गेस्ट हाउस और कमांड सेंटर के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि पुलिस विभाग को जल्द से जल्द आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे, प्रभारी यातायात परमहंस सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















