पीस पार्टी सम्मेलन में बोले डॉ. अयूब सर्जन, संगठन विस्तार और राजनीतिक भागीदारी पर दिया जोर
संतकबीरनगर। पीस पार्टी के तत्वावधान में मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के सई बड़हरा गांव में विधानसभा अध्यक्ष हाफिज फुजैल रहमानी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब सर्जन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. अयूब सर्जन ने राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास और अधिकारों की प्रभावी भागीदारी के लिए राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज को केवल चुनावी समीकरणों तक सीमित न रहकर अपनी राजनीतिक ताकत को संगठित रूप से विकसित करने की दिशा में काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीस पार्टी वंचित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और युवाओं के मुद्दों को उठाने का कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मजबूती पर अभी से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन अफरोज बादल ने किया। इस अवसर पर बाबा मटन दास, मौलाना तनवीर, मौलाना जमाल नासिर, रियाज खान, शायर फहीम, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष मीनू सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद निषाद, सूरज निषाद, हाजी शम्सुद्दीन, मेहदी हसन, अली जान, हाफिज निजाम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष हाफिज फुजैल रहमानी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।















