UPTET-2026 पर प्रशासन की पैनी नजर: डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त
बस्ती। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 की द्वितीय पाली को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ए.पी.एन.पी.जी. कॉलेज एवं बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस दौरान संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।















