कड़ी सुरक्षा और सघन निगरानी में संपन्न हुई टीईटी परीक्षा, दोनों पालियों में 89% के करीब रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति

कड़ी सुरक्षा और सघन निगरानी में संपन्न हुई टीईटी परीक्षा, दोनों पालियों में 89% के करीब रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति

गोरखपुर। जनपद में शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 पहले दिन कड़ी सुरक्षा, सघन निगरानी और नकलविहीन वातावरण के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग ऑब्जर्वर वी.पी. श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त आईपीएस/डीआईजी) एवं नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार द्वारा की गई। वहीं मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ तथा पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनपद में कुल 72,020 अभ्यर्थियों की परीक्षा में भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इनमें लगभग 15 हजार ऐसे अभ्यर्थी शामिल हैं, जो प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों वर्गों की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई तक पांच पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही है। इसके लिए जनपद में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

पहले दिन की पहली पाली में कुल 14,615 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिसमें 12,899 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 1,716 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पाली में 88.26 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं दूसरी पाली में कुल 14,615 अभ्यर्थियों में से 13,047 उपस्थित रहे और 1,568 अनुपस्थित पाए गए। दूसरी पाली में उपस्थिति प्रतिशत बढ़कर 89.27 दर्ज किया गया।

परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक व्यवस्था लागू रही। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जिला प्रशासन ने बताया कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता रही। अधिकारियों की सतत निगरानी और मजबूत व्यवस्थाओं के चलते पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना प्राप्त नहीं हुई

Previous articleप्रभावी पैरवी का सम्मान: अपराधियों को सजा दिलाने वाले अभियोजन अधिकारियों को एसपी ने किया सम्मानित कहा— न्याय दिलाने में अभियोजन अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण, उत्कृष्ट कार्य पर दिए प्रशस्ति पत्र
Next articleबेलीपार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी का ऑटो रिक्शा बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार पूर्व में भी कई मुकदमों में रहा शामिल, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here