प्रभावी पैरवी का सम्मान: अपराधियों को सजा दिलाने वाले अभियोजन अधिकारियों को एसपी ने किया सम्मानित
कहा— न्याय दिलाने में अभियोजन अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण, उत्कृष्ट कार्य पर दिए प्रशस्ति पत्र
संतकबीरनगर। जनपद में अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियोजन अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस कार्यालय में आयोजित विशेष सम्मान समारोह के दौरान न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों के कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि न्यायालय में प्रभावी पैरवी केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि अभियोजन अधिकारियों द्वारा लंबित मामलों में व्यक्तिगत रुचि लेकर निष्ठा, समर्पण और अथक परिश्रम के साथ कार्य किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कई गंभीर मामलों में अपराधियों को कठोर सजा दिलाई जा सकी।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों के प्रभावी प्रयासों के कारण कई महत्वपूर्ण मामलों में दोषियों को 20 वर्ष तक के कारावास जैसी कठोर सजाएं सुनाई गईं। इससे न केवल अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है, बल्कि पुलिस एवं न्याय व्यवस्था के प्रति आम जनता का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
सम्मानित किए गए अधिकारियों में अभिमन्यु पाल (एएसजे/पॉक्सो कोर्ट), विशाल श्रीवास्तव (जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी), विवेक प्रताप सिंह (एडीजीसी/एएसजे प्रथम कोर्ट) तथा अनिल कुमार सिंह (एएसजे/पॉक्सो कोर्ट) शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि इसी तरह समर्पण और निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाते रहें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
















