मेंहदावल–धनघटा मार्ग को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव, दिशा बैठक में विकास कार्यों पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष बोले – अधिकारी और जनप्रतिनिधि विकास की कड़ी, समन्वय से मिलेगी रफ्तार
संतकबीरनगर। जिले के विकास कार्यों को नई गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिले के महत्वपूर्ण सड़क मार्गों को लेकर भी चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव, विधायक अंकुर राज तिवारी तथा विधायक गणेश चौहान ने मेंहदावल–धनघटा मार्ग को फोरलेन बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। जनप्रतिनिधियों ने इस सड़क को जिले की महत्वपूर्ण जीवनरेखा बताते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ते यातायात और विकास की जरूरतों को देखते हुए इसका चौड़ीकरण अत्यंत आवश्यक है।
प्रस्ताव पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तकनीकी फाइल तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिलाधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जा सके।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जिले के समग्र विकास में दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में तेजी लाई जा सकती है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि अधिकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का स्वयं निरीक्षण करें, लाभार्थियों से संवाद स्थापित करें और योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन करें। साथ ही जनहित से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।















