क्रैक साइबर क्राइम अभियान में बड़ी सफलता, साइबर सेल ने पीड़ित के वापस कराए 20 हजार रुपये
गलत मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर हुई धनराशि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खाते में लौटी
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से साइबर सेल एवं थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। टीम की सक्रिय कार्रवाई से पीड़ित के 20 हजार रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामसागर सिंह पुत्र रामाश्रय सिंह निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी सरौली, थाना कोतवाली खलीलाबाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 नवंबर 2025 को वह अपने पुत्र को किसी आवश्यक कार्य के लिए ऑनलाइन माध्यम से धनराशि भेज रहे थे। इस दौरान मोबाइल नंबर अंकित करने में अनजाने में हुई त्रुटि के कारण 20 हजार रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए।
पीड़ित ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर धनराशि वापस करने का अनुरोध किया, लेकिन उसे कोई सकारात्मक सहयोग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकांत कुशवाहा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज की और आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की प्रभावी पैरवी और त्वरित प्रयासों के चलते 20 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन लेनदेन करते समय मोबाइल नंबर और अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।















