खलीलाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पनीर विक्रेताओं पर छापेमारी कर लिए गए नमूने
अपूर्व ट्रेडर्स (तान्या पनीर) और माधुरी ट्रेडर्स से एक-एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया
संतकबीरनगर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने खलीलाबाद शहर के आजाद चौक स्थित पनीर के थोक विक्रेताओं पर छापेमारी कर कार्रवाई की। इस दौरान अपूर्व ट्रेडर्स (तान्या पनीर) एवं माधुरी ट्रेडर्स से पनीर के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) सतीश कुमार ने बताया कि दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की निगरानी के लिए विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सच्चिदानंद गुप्ता एवं बृजेश कुमार शामिल रहे।















