मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित
डीएम और एसएसपी ने दिए स्पष्ट निर्देश, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चौकी अमीरनगर परिसर में जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, मुस्लिम धर्मगुरुओं, मौलानाओं, ताजियादारों और ताजिया निर्माताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से पर्व को सामाजिक सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाने की अपील करते हुए शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि ताजियों की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट निर्धारित की गई है और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मुहर्रम जुलूस के दौरान तलवारबाजी, हथियारों के प्रदर्शन और डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या तथ्यहीन सामग्री साझा करने से बचा जाए, क्योंकि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
जुलूस मार्गों पर पड़ने वाले पेड़ों की छंटाई, विद्युत तारों को व्यवस्थित करने तथा मेले में एम्बुलेंस, चिकित्सा टीम और सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में वर्तमान में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 प्रभावी है। मुहर्रम जुलूस और मेले की निगरानी सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र के संदिग्ध एवं अराजक तत्वों को पहले से ही पाबंद किया जा चुका है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।















