पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा: तीन दिनों में 30,963 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
44 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, 85,821 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा जनपद गोरखपुर में 8 से 10 जून तक कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्थाओं के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। तीन दिनों में कुल छह पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए 1,16,784 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 30,963 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। वहीं 85,821 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई। प्रथम पाली में निर्धारित 19,464 अभ्यर्थियों में से 14,411 उपस्थित हुए, जबकि 5,053 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 14,475 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 4,989 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। इस प्रकार अंतिम दिन कुल 10,042 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इससे पूर्व पहले दिन 10,691 और दूसरे दिन 10,230 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए थे। तीनों दिनों को मिलाकर कुल 30,963 अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति दर्ज की गई।
जनपद में परीक्षा के लिए 44 केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर सघन सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा एसपी सिटी निमिष पाटिल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का दावा किया है। तीनों दिनों में किसी भी केंद्र से अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक सतर्कता और मजबूत व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।















