वत्सा रेलवे स्टेशन का सांसद जगदंबिका पाल ने किया निरीक्षण, बोले- पांच जिलों को मिलेगी रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात
खलीलाबाद-बहराइच रेल परियोजना बनेगी विकास की नई धुरी, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश
सिद्धार्थनगर। खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत खेसरहा विकासखंड के वत्सा में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन एवं रेल लाइन का शनिवार को सांसद जगदंबिका पाल ने रेलवे अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने रेलवे अधिकारियों से परियोजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के विकास, रोजगार और बेहतर आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाने चाहिए, ताकि जनता को इसका स्थायी लाभ मिल सके।
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि लगभग 240 किलोमीटर लंबी खलीलाबाद-बहराइच रेल लाइन पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के लिए विकास की नई राह खोलेगी। यह परियोजना केवल रेल संपर्क का माध्यम नहीं होगी, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, व्यापार, कृषि, शिक्षा और सामाजिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। बेहतर रेल सुविधा मिलने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है और यह रेल परियोजना उसी दूरदर्शी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नई रेल लाइन और वत्सा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं के नए अवसर सृजित करेंगे। परियोजना पूर्ण होने पर पांच जिले सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे लाखों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
सांसद ने कहा कि डुमरियागंज संसदीय क्षेत्र में सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह रेल परियोजना क्षेत्रीय विकास की आधारशिला साबित होगी और लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र पांडेय, पूजा पाल, उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती, क्षेत्राधिकारी बांसी शिवेंद्र सिंह, जयंत्री मिश्रा, रमेश मणि, घनश्याम त्रिपाठी, अशोक सिंह, अमरनाथ पांडेय, प्रकाश सिंह, गुड्डू पाठक, प्रिंस शर्मा, अमरेंद्र पाल, जनार्दन चौधरी, रामानंद, रामप्रसाद मौर्य, दुर्विजय राय, आभा देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।















