मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, अराजी सुबाइन तटबंध का डीएम ने किया निरीक्षण

मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, अराजी सुबाइन तटबंध का डीएम ने किया निरीक्षण

 

महराजगंज। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को नौतनवा तहसील क्षेत्र स्थित अराजी सुबाइन तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा तैयारियों और तटबंध संरक्षण कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अराजी सुबाइन के दाएं एवं बाएं तटबंध पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नदी के कटान प्रभावित क्षेत्रों में वायर क्रेट में बोल्डर भरकर स्लोप संरक्षण का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही तटबंधों पर स्थापित रेगुलेटरों की मरम्मत तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों को मजबूत करने का कार्य भी तेजी से संचालित है।

डीएम ने निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा एवं तटबंध संरक्षण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि तटबंधों पर मौजूद रैट होल, रेन कट, दरारों और कटान संभावित स्थलों का तत्काल सर्वेक्षण कर उनकी मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा बोल्डर, बालू की बोरियां, वायर क्रेट और अन्य आवश्यक राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन कार्ययोजना को अद्यतन रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को पूर्ण तैयारी बनाए रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बाढ़ निरोधक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित निरीक्षण के माध्यम से प्रगति की सतत समीक्षा करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड द्वितीय राजीव कपिल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleअब नहीं डूबेंगी मासूम जिंदगियां: घाटों पर चौपाल लगाकर राजघाट पुलिस ने छेड़ी जागरूकता मुहिम गर्मी में बढ़ती डूबने की घटनाओं पर रोक के लिए पुलिस की मानवीय पहल, अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने की अपील
Next articleदेवरिया बाईपास पर बाल श्रम करते मिले दो नाबालिग, एएचटीयू ने कराया रेस्क्यू

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here