बहू-बेटी सम्मेलन कार्यशाला में शामिल हुए डीआईजी संजीव त्यागी, महिला एवं बाल सुरक्षा पर दिया जोर संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के दिए निर्देश

बहू-बेटी सम्मेलन कार्यशाला में शामिल हुए डीआईजी संजीव त्यागी, महिला एवं बाल सुरक्षा पर दिया जोर

संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के दिए निर्देश

बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन के अंतर्गत एक दिवसीय जिलास्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भी मौजूद रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीआईजी संजीव त्यागी ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लैंगिक आधारित हिंसा तथा अन्य सामाजिक जोखिमों से जुड़े मामलों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसी शिकायतों पर त्वरित विधिक कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को आवश्यक सहायता एवं संरक्षण प्रदान किया जाना चाहिए।

डीआईजी ने महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य सुरक्षा सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जागरूकता ही अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित जनसंवाद, जागरूकता अभियान और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाए।

उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशील मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर भी बल दिया। डीआईजी ने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में सभी संबंधित विभागों को साझा जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं यूनिसेफ से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा संस्थागत सहयोग को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

Previous articleगीडा को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान, 3 जून को फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे सीएम योगी 80 एमएसएमई इकाइयों को मिलेगा स्थान, करीब 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे
Next articleमुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here