पानी मांगने के बहाने महिला की चेन झपटने वाले दो शातिर गिरफ्तार
एसओजी और मेंहदावल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़
2.1 किलो गांजा, चोरी की बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार
संतकबीरनगर। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और थाना मेंहदावल पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला से चेन झपटमारी, चोरी और मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध गांजा, चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस ने हाल ही में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक सक्रिय झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मेंहदावल-नौलखा मार्ग स्थित मुहिया पुल के पास से मो. कामिल उर्फ अली और मो. अहमद उर्फ अली उर्फ नाटे निवासी जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को ग्राम अछिया निवासी इरशाद अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पानी मांगने के बहाने उनके पास पहुंचे और गले में पहनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना मेंहदावल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गांवों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी, छिनैती और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आसान निशाना समझकर वारदात करते थे। पहचान छिपाने के लिए कैप पहनते और चेहरे को कपड़े से ढंककर रखते थे। विरोध की स्थिति में बच निकलने के लिए लाल मिर्च पाउडर भी साथ रखते थे।
आरोपियों ने बताया कि अछिया गांव से छीनी गई सोने की चेन को उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को 25 हजार रुपये में बेच दिया था। बरामद 10 हजार रुपये उसी रकम का हिस्सा हैं, जबकि शेष धनराशि खर्च की जा चुकी है।
चोरी की बाइक से करते थे वारदात
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी गोरखपुर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल अपराध करने में करते थे। उन्होंने बताया कि शहरों में सीसीटीवी कैमरों की अधिकता के कारण वे ग्रामीण इलाकों को वारदात के लिए अधिक सुरक्षित मानते थे।
पूछताछ के दौरान मो. अहमद उर्फ नाटे ने वर्ष 2020 में अपने एक साथी की हत्या में शामिल होने की बात भी स्वीकार की। उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मो. कामिल के विरुद्ध भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा, चार मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, 10 हजार रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, लाल मिर्च पाउडर, एक पर्स और चाबी का गुच्छा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने एसओजी, मेंहदावल पुलिस, एंटी थेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















