विकास योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दें विशेष ध्यान: मण्डलायुक्त जल जीवन मिशन, आवास, शौचालय, सड़क निर्माण और आईजीआरएस शिकायतों की हुई समीक्षा

विकास योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दें विशेष ध्यान: मण्डलायुक्त

जल जीवन मिशन, आवास, शौचालय, सड़क निर्माण और आईजीआरएस शिकायतों की हुई समीक्षा

बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में विकास कार्यों की मासिक मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस्ती मंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने और कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच कराने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि संबंधित क्षेत्रों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति हो रही है या नहीं। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री आवास (ग्रामीण), जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, आईसीडीएस पोषण अभियान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों के निर्माण तथा सीएमआईएस के अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनमें तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही पूर्ण परियोजनाओं को संबंधित विभागों को समय पर हस्तांतरित करने के भी निर्देश दिए गए।

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या अपलोड की जाए, जिससे जनपदों की रैंकिंग में सुधार हो सके।

बैठक में गेहूं खरीद, खरीफ गोष्ठी, खाद एवं बीज की उपलब्धता तथा नहरों में पानी की स्थिति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, बलराम सिंह, जयकेश त्रिपाठी, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम, तीनों जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी धनश्याम सागर, समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, यूनिसेफ प्रतिनिधि सुरेन्द्र शुक्ला, वरिष्ठ सहायक सुहेल अहमद सहित मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleराजस्व वसूली और कानून व्यवस्था पर मण्डलायुक्त सख्त, डग्गामार व ओवरलोड वाहनों पर चलेगा अभियान राष्ट्रीय राजमार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर होगी कठोर कार्रवाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here