दिन के समय खनन पर पूर्ण प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
तेज रफ्तार और लापरवाही से हादसा होने पर चालकों पर दर्ज होगा गंभीर मुकदमा
सहजनवा। अवैध खनन, ओवरलोडिंग और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सहजनवा तहसील प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित बैठक में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) केशरी नंदन तिवारी ने पट्टा धारकों और डंपर चालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में दिन के समय खनन कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। खनन केवल रात 10 बजे के बाद और स्वीकृत स्थलों पर ही किया जा सकेगा।
बैठक में एसडीएम ने चेतावनी दी कि निर्धारित रॉयल्टी क्षेत्र से बाहर खनन पाए जाने पर संबंधित पट्टा धारकों के खिलाफ सीधे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए खनन गतिविधियों पर पूर्ण रोक लागू रहेगी।
डंपर चालकों के लिए जारी किए गए सख्त निर्देश
प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डंपर चालकों के लिए कई महत्वपूर्ण नियम निर्धारित किए हैं।
सभी वाहनों पर स्पष्ट एवं मानक अनुरूप नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य होगा।
वाहन चालक के पास वैध हैवी ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है।
किसी भी स्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी।
ओवरलोडिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
वाहनों से सड़क पर मिट्टी गिरने पर कार्रवाई की जाएगी।
शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
दुर्घटना होने पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
एसडीएम केशरी नंदन तिवारी ने कहा कि रात के समय तेज रफ्तार से डंपर चलाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। यदि किसी चालक की लापरवाही या तेज गति के कारण सड़क दुर्घटना होती है, तो उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। प्रशासन सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम जनता की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया, थानाध्यक्ष गीडा अश्वनी पांडेय सहित बड़ी संख्या में पट्टा धारक और डंपर चालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित लोगों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं वैध तरीके से कार्य करने की अपील की।















