07 केंद्रों पर 2318 अभ्यर्थी देंगे बीएड प्रवेश परीक्षा
मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
शुचिता और पारदर्शिता के साथ कराई जाए बीएड प्रवेश परीक्षा : डीएम आलोक कुमार
संतकबीरनगर। आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जनपद के कुल 07 परीक्षा केंद्रों पर 2318 अभ्यर्थी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न होगी।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बताया कि दोनों पालियों में अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले शुरू कर दिया जाएगा, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की दो प्रतियां, एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो तथा एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, अपर उप जिलाधिकारी संजीव राय, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, समन्वयक प्रो. प्रताप विजय कुमार, उप नोडल समन्वयक प्रो. ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, प्राचार्य हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद सहित सभी केंद्र प्रतिनिधि, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं केंद्र पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।















