नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, त्रिलोकपुर पुलिस ने भेजा जेल
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मामला त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। पीड़िता के परिजनों ने थाना त्रिलोकपुर में तहरीर देकर एक युवक पर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के भंड़रिया तिराहे से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक विजय प्रसाद एवं कांस्टेबल सत्यप्रकाश यादव की भूमिका सराहनीय रही।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर उसे भंड़रिया तिराहे से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।















