बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, प्रशासन पूरी तरह रहा अलर्ट
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा व एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने संभाली कमान
गोरखपुर। ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पावन अवसर पर थाना पिपराइच क्षेत्र में नमाज शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में अदा की गई। त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
नमाज के दौरान एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा एवं एसडीएम सदर दीपक गुप्ता स्वयं मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने नमाज स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या माहौल खराब करने की कोशिश को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
थाना पिपराइच पुलिस पूरी तरह सक्रिय रही। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग की जाती रही। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे, जो संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए थे।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत लोगों से संवाद कर शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। प्रशासन की सतर्कता, पुलिस की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग के चलते पूरे क्षेत्र में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
अधिकारियों ने आम जनता का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहार समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से भविष्य में भी इसी प्रकार प्रशासन का सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।















