ईद-उल-जुहा पर शहर में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर एसएसपी, एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने खुद संभाली कमान, मस्जिदों के आसपास रही कड़ी निगरानी

ईद-उल-जुहा पर शहर में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

एसएसपी, एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने खुद संभाली कमान, मस्जिदों के आसपास रही कड़ी निगरानी

गोरखपुर। ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पावन पर्व पर शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने नगर क्षेत्र के प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास डटे रहकर हालात पर पैनी नजर बनाए रखी और मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई। प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी एवं स्थानीय पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी भीड़ में मौजूद रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी करते रहे। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा गया, जिससे नमाज अदा करने पहुंचे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हों। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश जारी किए गए, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन की मुस्तैदी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के चलते पूरे नगर क्षेत्र में ईद-उल-जुहा की नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

प्रशासन ने शहरवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के आपसी समन्वय से ही बड़े पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो पाते हैं।

Previous articleचौरी चौरा पुलिस की तत्परता से गुमशुदा किशोर सकुशल बरामद रेलवे स्टेशन के पास मिला 14 वर्षीय बालक, परिजनों को सौंपा गया
Next articleबकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, प्रशासन पूरी तरह रहा अलर्ट एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा व एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने संभाली कमान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here