बकरीद को लेकर गोरखपुर पुलिस अलर्ट, डीआईजी-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी
गोरखपुर। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने नगर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करते हुए वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, लगातार फुट पेट्रोलिंग करने तथा वाहन चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने अथवा माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।
डीआईजी और एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।















