गैस सिलेंडर बुकिंग में मनमानी और तेल आपूर्ति में लापरवाही पर डीएम सख्त उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली एजेंसियों पर होगी कठोर कार्रवाई, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

गैस सिलेंडर बुकिंग में मनमानी और तेल आपूर्ति में लापरवाही पर डीएम सख्त

उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली एजेंसियों पर होगी कठोर कार्रवाई, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

भदोही। जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में गैस एजेंसी संचालकों, पेट्रोल पंप मालिकों तथा विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान यह मामला सामने आया कि कुछ गैस कंपनियां घरेलू गैस सिलेंडरों की पुरानी बुकिंगों का निस्तारण करते समय उपभोक्ताओं की सहमति के बिना बुकिंग दूसरी एजेंसियों में स्थानांतरित कर रही हैं। इसके कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई उपभोक्ताओं की ऑनलाइन बुकिंग बिना किसी कारण के निरस्त किए जाने की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं।

समीक्षा में कुछ पेट्रोल पंपों पर इंडेंट भेजे जाने के बावजूद कई दिनों तक तेल आपूर्ति नहीं होने की बात भी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने स्पष्ट कहा कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रत्येक उपभोक्ता तक समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही अन्य एजेंसियों से स्थानांतरित होकर आई बुकिंगों की भी नियमित आपूर्ति की जाए। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं की बुकिंग निरस्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी गैस एजेंसी या ऑयल कंपनी के अधिकारी द्वारा निर्देशों की अवहेलना की गई अथवा उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में बीपीसीएल के पेट्रोल पंपों पर इंडेंट के बावजूद तेल आपूर्ति कम होने के मामले में विक्रय प्रबंधक श्याम कुमार से स्पष्टीकरण तलब किया गया। वहीं आईओसीएल और एचपीसीएल के विक्रय प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि कम आपूर्ति वाले पेट्रोल पंपों की समीक्षा कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को समय से सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में शुभांगी शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार, गैस एवं ऑयल कंपनियों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक, पेट्रोल पंप मालिक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleअफवाहों पर ध्यान न दें, महराजगंज में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार : जिला पूर्ति अधिकारी ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु, जरूरत के अनुसार ही करें खरीदारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here