बक़रीद को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी सिटी के नेतृत्व में कोतवाली सर्किल में फ्लैग मार्च
ईदगाहों और कुर्बानी स्थलों का किया निरीक्षण, ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
गोरखपुर। आगामी बक़रीद पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कोतवाली सर्किल क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। निमिष पाटिल के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च घंटाघर, तुर्कमानपुर, हलसीगंज, खूनीपुर, इस्माइलपुर, नखास चौक, आस्करगंज, मदीना मस्जिद, रेती चौक और लालडिग्गी समेत विभिन्न क्षेत्रों में किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने ईदगाहों और कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा ड्रोन कैमरों की मदद से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष मॉनिटरिंग रहेगी और अफवाह फैलाने अथवा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
फ्लैग मार्च के दौरान ओंकार दत्त तिवारी, दिनेश गोदारा, छत्रपाल सिंह और गौरव कुमार वर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।















