बकरीद को लेकर नगर निगम अलर्ट, शहर में चलेगा विशेष सफाई अभियान
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक, नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। आगामी बकरीद पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए गोरखपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम सभागार में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
बैठक में महापौर ने कहा कि बकरीद जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर शहर की सफाई व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी गंदगी या कचरे का ढेर न लगे।
नगर आयुक्त अजय जैन ने विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई व्यवस्था की जाएगी। कचरा उठान के लिए अतिरिक्त वाहन लगाए जाएंगे और सफाई कर्मियों की ड्यूटी बढ़ाई जाएगी, ताकि समय पर कचरे का निस्तारण हो सके। उन्होंने सभी जोनल और वार्ड अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार और प्रमोद कुमार ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों, ईदगाहों और नमाज स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं संभावित कुर्बानी स्थलों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की तैनाती की जाएगी, ताकि तत्काल सफाई सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखते हुए नियमित सफाई व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इस पर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
महापौर ने स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और संक्रमण रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बकरीद के दिन और उसके बाद भी 24 घंटे विशेष सफाई अभियान जारी रहेगा। इसके लिए नगर निगम कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, जहां से पूरे शहर की मॉनिटरिंग की जाएगी। नागरिकों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने और कचरा इधर-उधर न फैलाने की अपील की जाएगी।
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि बकरीद के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि बारिश को देखते हुए ड्रेनेज सिस्टम की भी विशेष सफाई कराई जा रही है, ताकि जलभराव की समस्या न हो। वहीं अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि कचरा निस्तारण स्थलों पर भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बैठक के अंत में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता है कि बकरीद के अवसर पर शहर साफ-सुथरा, सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहे।















