बिजली तार में फंसे कबूतर से ठप हुई सप्लाई, साढ़े तीन घंटे तक 18 गांवों की बिजली रही गुल
भीषण गर्मी में फाल्ट खोजने के लिए बिजली कर्मियों ने गांव-गांव घूमकर की मशक्कत, लोगों को पानी और रोजमर्रा की परेशानियों का करना पड़ा सामना
गोरखपुर। गोरखपुर के पिपरौली क्षेत्र में सोमवार को एक अनोखे फाल्ट के कारण करीब 18 गांवों की बिजली आपूर्ति साढ़े तीन घंटे तक बाधित रही। सुबह लगभग 8 बजे से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और करीब 11:30 बजे के बाद सप्लाई बहाल हो सकी। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सप्लाई बार-बार ट्रिप हो रही थी। जैसे ही बिजली चालू की जाती, लाइन तुरंत कट जा रही थी। शुरुआत में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई, जिसके बाद नौसढ़ पावर हाउस की टीम गांव-गांव घूमकर लाइन की जांच में जुट गई। तेज धूप और उमस के बीच घंटों की मशक्कत के बाद बिजली कर्मियों की नजर तार में फंसे एक मृत कबूतर पर पड़ी, जिसकी वजह से पूरा फाल्ट हो रहा था।
कबूतर के तार में फंसे होने के कारण विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही थी। जैसे ही उसे हटाया गया, बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
बिजली कटौती के चलते लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। कई घरों में मोटर नहीं चल पाने से पानी की आपूर्ति बाधित रही, वहीं लोगों को नहाने और अन्य घरेलू कार्यों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ गई।
नौसढ़ पावर हाउस के जेई विपिन सिंह ने बताया कि फाल्ट ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने उपभोक्ताओं को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। साथ ही विद्युत कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि लाइन के टर्निंग पॉइंट और संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी करते रहें, क्योंकि फाल्ट किसी भी वजह से उत्पन्न हो सकता है।















