गोरखपुर को मिले नए एडीएम सिटी, गजेंद्र कुमार ने संभाला पदभार
2012 बैच के पीसीएस अधिकारी बोले— जनसुनवाई, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
गोरखपुर। जनपद को नए एडीएम सिटी (अपर जिलाधिकारी नगर) के रूप में 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी गजेंद्र कुमार मिल गए हैं। उन्होंने मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह मुजफ्फरनगर में एडीएम वित्त एवं राजस्व के पद पर तैनात थे।
तेज-तर्रार और कुशल प्रशासनिक अधिकारियों में गिने जाने वाले गजेंद्र कुमार की तैनाती से जिले में प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। गोरखपुर से उनका पुराना जुड़ाव भी रहा है। वह 26 अक्टूबर 2017 से 16 फरवरी 2019 तक यहां डिप्टी कलेक्टर (डिप्टी मजिस्ट्रेट) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद उनका तबादला हरदोई में सिटी मजिस्ट्रेट पद पर हुआ था। करीब सात वर्षों बाद उनकी एक बार फिर गोरखपुर में वापसी हुई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद गजेंद्र कुमार ने कहा कि गोरखपुर उनके लिए परिचित जनपद है और यहां कार्य करने का पूर्व अनुभव उन्हें बेहतर ढंग से जिम्मेदारियों के निर्वहन में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही राजस्व, नगर प्रशासन और जनसुनवाई से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा।
गोरखपुर में दोबारा तैनाती को लेकर उन्होंने पुरानी यादों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं और अब नए उत्साह के साथ जनहित में कार्य किया जाएगा।















