डीएम सरनीत कौर ब्रोका का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के दिए कड़े निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, भर्ती वार्डों, दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी और रजिस्ट्रेशन काउंटर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही मरीजों से फीडबैक लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को इलाज में असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अस्पताल में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नियमित सफाई और सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल, शौचालय और प्रतीक्षालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने को कहा।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय से उपस्थित होकर संवेदनशीलता के साथ मरीजों का उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए डीएम ने आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने और अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















