अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, गंभीर मामलों में तेज पैरवी के निर्देश

अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, गंभीर मामलों में तेज पैरवी के निर्देश

 

रायबरेली। कानून व्यवस्था को मजबूत और न्याय प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और सशक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान निस्तारित, लंबित तथा नव-पंजीकृत अभियोजन प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। विशेष रूप से गैंगस्टर अधिनियम के तहत लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पैरवी के माध्यम से शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर केस में गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, साक्ष्यों को समय से प्रस्तुत किया जाए और केस डायरी की नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि दोषियों को समय पर सजा मिल सके।

बैठक में गैंगस्टर, पॉक्सो तथा एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े संवेदनशील मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। इन प्रकरणों में प्रभावी और मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा गया कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समीक्षा के दौरान अभियोजन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई और विभागवार लंबित मामलों का विवरण साझा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए कि वे मामलों के निस्तारण में तेजी लाएं और समन्वय के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleसीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के सख्त निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here