होमगार्ड परीक्षा पर डीएम-एसपी की नजर, केंद्रों का किया निरीक्षण
रायबरेली। होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री के.बी. सिन्हा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवनन्दापुर और चंद्रपाल इंटर कॉलेज सोरा गंगागंज सहित कई केंद्रों पर व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बरतने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को 10 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हो रही है। प्रत्येक पाली में 3504 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी के बीच परीक्षा कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और अधिकारी लगातार भ्रमण कर निगरानी कर रहे हैं।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान, उप जिलाधिकारी महराजगंज गौतम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















