जिला कारागार में बन्दियों के विधिक अधिकारों पर जागरूकता शिविर, सचिव अनिशा ने किया निरीक्षण
रायबरेली,। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित पाल सिंह के निर्देशन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा द्वारा जिला कारागार, रायबरेली का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव अनिशा ने पाकशाला सहित विभिन्न बैरकों का जायजा लिया और बन्दियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बन्दियों से उनके मुकदमों में पैरवी, अधिवक्ता की उपलब्धता और अन्य विधिक मदद के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के पश्चात बन्दियों के विधिक अधिकारों को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बन्दियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सचिव अनिशा ने बताया कि जो बंदी निःशुल्क अधिवक्ता चाहते हैं, वे जेल में स्थित लीगल एड क्लीनिक से आसानी से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, जेलर हिमांशु रौतेला, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजकुमार सिंह, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विपिन कुमार, जेल चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील अग्रवाल, उपकारापाल अंकित गौतम, सुमैया परवीन, जनमेजय सिंह और धर्मपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















