छठ घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का मंडलायुक्त, डीआईजी और एसएसपी ने लिया जायजा
राजघाट पर महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा और गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
गोरखपुर। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी एस. चन्नप्पा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और नगर आयुक्त अजय जैन ने राजघाट स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और जलाशय के आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों और पुलिसकर्मियों को पर्व के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास व्यवस्था की जानकारी ली। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। घाट तक पहुंचने और वहां से बाहर निकलने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में अव्यवस्था न हो और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए घाट पर पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने को कहा गया। किसी श्रद्धालु के परिजनों से बिछड़ने या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मदद पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने जलाशय के गहरे और खतरनाक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। ऐसे स्थानों पर श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा प्रबंध करने और लोगों को सावधान करने के निर्देश दिए, ताकि पूजा-अर्चना और स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















