स्कूली वाहनों का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, परिवहन विभाग ने बढ़ाई सख्ती
संतकबीरनगर । गुरुवार को जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने सभी विद्यालय संचालकों को साफ निर्देश दिए हैं कि अपने स्कूली वाहनों (बस, वैन आदि) का पंजीकरण UP-ISVMP पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराएं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा विकसित यह पोर्टल 01 अप्रैल 2026 से पूरी तरह लाइव हो चुका है। पोर्टल का मुख्य उद्देश्य स्कूली वाहनों की रीयल-टाइम निगरानी, वाहनों की फिटनेस, ड्राइवर की योग्यता और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच करना है, ताकि बच्चों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित हो सके।
इसी क्रम में उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) अयोध्या राजकुमार सिंह ने गुरुवार को खलीलाबाद स्थित दो प्रमुख विद्यालयों सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी और नवल्स नेशनल एकेडमी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि सभी स्कूली वाहनों को शीघ्रातिशीघ्र UP-ISVMP पोर्टल पर पंजीकृत कराया जाए।
निरीक्षण के समय सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बस्ती सुरेश कुमार सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह, रविनेश श्रीवास्तव एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पोर्टल पर पंजीकरण न कराने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।















