रायबरेली ने ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ का लक्ष्य 100.13% पूरा किया
रायबरेली। जनपद ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत से भी अधिक पूरा कर लिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जनपद को 2300 युवा उद्यमियों को लाभ देने का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 2303 पत्रावलियों का वितरण कर 100.13 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता के पर्यवेक्षण में यह उपलब्धि हासिल की गई। उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य ने बताया कि बैंकों के सक्रिय सहयोग से यह लक्ष्य पूरा हो सका। बैंक ऑफ महाराष्ट्र, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब एंड सिंध बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, आईडीबीआई बैंक और यूको बैंक ने आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत या उससे अधिक प्रदर्शन किया।
परमहंस मौर्य ने कहा कि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के कुशल निर्देशन, नियमित अनुश्रवण तथा अग्रणी जिला प्रबंधक के विशेष सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी। रायबरेली उन 24 जनपदों में शामिल हो गया है, जिन्होंने योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।















