महिला मतदाता कम वाले बूथों पर होगा क्रॉस वेरिफिकेशन
बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में जेंडर रेशियो सुधारने के लिए उन बूथों को चिन्हित किया जाए जहां महिला मतदाताओं का अनुपात कम है। ऐसे बूथों पर क्रॉस वेरिफिकेशन कर वास्तविक स्थिति सुनिश्चित की जाए। सामान्य जनसंख्या के अनुपात के अनुरूप मतदाता सूची का जेंडर रेशियो संतुलित होना चाहिए।
मण्डलायुक्त ने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि अंतिम प्रकाशन से पहले सभी सूचियों का पुनः परीक्षण कर लिया जाए, ताकि कोई त्रुटि शेष न रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 10 अप्रैल 2026 तक शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को मण्डलायुक्त के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।















