एक दिन की थानेदार बनी 10वीं की छात्रा नित्या कसौधन: महिला थाने में जानी पुलिस की कार्यप्रणाली
बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के नेतृत्व में महिला थाना बस्ती में एक अनोखा और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। उर्मिला एजुकेशन एकेडमी की 10वीं कक्षा की छात्रा नित्या कसौधन को एक दिन के लिए थानेदार बनाया गया।
प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह ने नित्या का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें प्रभारी निरीक्षक की कुर्सी पर बिठाया। नित्या ने थानेदार के रूप में महिला थाने के दैनिक कार्यों को करीब से देखा। उन्होंने मालखाने, हवालात और मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया तथा थाने पर आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
इस दौरान 8 अन्य छात्राओं को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एक छात्रा को दिवसाधिकारी, एक को कंप्यूटर ऑपरेटर और एक को मुंशी बनाया गया। सिद्धि पाण्डेय को IGRS तथा परिधि पाण्डेय को CCTNS के कार्य से अवगत कराया गया। चार छात्राओं को हेल्पडेस्क की जिम्मेदारी दी गई।
छात्राओं को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट पहनाकर और डंडा देकर क्षेत्र भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्हें साइबर अपराध, मिशन शक्ति केंद्र और एंटी रोमियो स्क्वॉड की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला थाने का पूरा स्टाफ इस कार्यक्रम में उपस्थित रहा। छात्राओं ने बेहद उत्साह और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से देखने का यह अनुभव उनके लिए बेहद उपयोगी और यादगार रहा।















